हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर को विवाह के बंधन में बंधेंगे। वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल के अनुसार, यह इस वृद्धाश्रम के इतिहास में बुजुर्गों की पहली शादी होगी। दोनों की पहले बिलासपुर न्यायालय में कोर्ट मैरिज होगी, जिसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की रस्में निभाई जाएंगी। इसके बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम के लिए विदा किया जाएगा।
मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग निवासी कन्हैया लाल खेतीबाड़ी से जीवन चलाते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और लंबी बीमारी के बाद उनकी पत्नी का निधन हो गया। अपना सब कुछ भाइयों के नाम करने के बाद उन्हें प्यार नहीं, दुत्कार मिली और घर से बेदखली भी करनी पड़ी। इससे मानसिक रूप से टूटे कन्हैया लाल जंगल में एक गुफा में रहने लगे। वर्ष 2022 में अपना घर दयोली वृद्धाश्रम को उनकी हालत का पता चला और उन्हें सहारा दिया गया।
कोलकाता निवासी सबीना का सफर भी आसान नहीं रहा। घूमने के लिए शिमला निकलीं सबीना सफर के दौरान मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने पर वह नारी निकेतन मशोबरा पहुंचीं। चार वर्ष मशोबरा में रहने के बाद वर्ष 2025 में उन्हें दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम भेजा गया, जहां उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। दोनों एक-दूसरे के काम में हाथ बंटाने लगे और एक-दूसरे के साथ हमेशा के लिए बंध जाने की इच्छा जताई।
अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने कहा कि हिमाचल में पहली बार किसी वृद्धाश्रम में दो बुजुर्ग जीवनसाथी बनेंगे। 25 नवंबर को दोनों का विवाह करवाया जाएगा और इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शादी से पहले बिलासपुर में इनकी कोर्ट मैरिज होगी, उसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न होगा। इसके बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा।
