परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र से पहले सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी INDIA गठबंधन, दोनों ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) प्रमुख नवीन पटनायक की पार्टी का समर्थन हासिल करने की कोशिश शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने BJD के राज्यसभा सांसद मानस मंगराज से फोन पर बात कर उन्हें शनिवार को दिल्ली में होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने का आग्रह किया। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी मानस मंगराज से संपर्क कर प्रस्तावित परिसीमन बिल पर BJD का समर्थन मांगा है। BJD का लोकसभा में कोई सदस्य नहीं है, जबकि राज्यसभा में उसके 5 सांसद हैं। इसी वजह से संसद में संख्या बल जुटाने में लगे दोनों खेमे पार्टी को अपने साथ लाना चाहते हैं।
BJD के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पार्टी इस मामले में नवीन पटनायक की ओर से सभी सांसदों को भेजे गए पत्र में उठाई गई चिंताओं पर विचार करने के बाद ही फैसला करेगी। समर्थन इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी की मांगों पर कितना ध्यान दिया जाता है और ओडिशा के हितों की रक्षा सुनिश्चित होती है या नहीं। नेता ने साफ किया कि अंतिम फैसला नवीन पटनायक ही लेंगे।
परिसीमन पर BJD की चिंता जताते हुए सांसद संतृप्त मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण के समर्थन में रही है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ने का मकसद समझ नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत नहीं है और मौजूदा सदन में ही आरक्षण लागू किया जा सकता है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों के साथ बातचीत करने की बात भी कही।
संतृप्त मिश्रा ने कहा कि BJD परिसीमन का विरोध नहीं कर रही, लेकिन उसकी शर्त है कि संसद में ओडिशा की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए और परिसीमन के बाद भी राज्य को मिलने वाला प्रतिनिधित्व का अनुपात वही बना रहना चाहिए। पार्टी उपाध्यक्ष प्रसन्न आचार्य ने गुरुवार को कहा था कि BJD ने अभी विधेयक पर अपना अंतिम रुख तय नहीं किया है और उम्मीद है कि सरकार विपक्षी दलों की आपत्तियों पर ध्यान देगी। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा हिस्सा भी 30 नवंबर से शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से दोबारा बुलाने की तैयारी है।
