पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। दोनों दल छह साल से ज्यादा समय बाद एक साथ आए हैं। साल 2020 में कृषि कानूनों के विरोध प्रदर्शनों के बाद शिअद ने भाजपा से अलग होने का ऐलान किया था। अभी सीट शेयरिंग पर कोई ऐलान नहीं हुआ है।
पंजाब उन पांच राज्यों में शामिल है, जहां 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी शिरोमणि अकाली दल फिर से एनडीए में आ रहा है और वह सुखबीर सिंह बादल का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि बादल साहब की पार्टी के बिना एनडीए अधूरा था और यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा।
भाजपा और शिअद ने 1996 में पहली बार गठबंधन किया था और 1997 के चुनाव में सरकार बनाई थी। उस चुनाव में भाजपा ने 22 सीटों पर लड़कर 18 जीतीं थीं, जबकि शिअद ने 92 सीटों पर लड़कर 75 पर जीत हासिल की थी। इसके बाद गठबंधन ने 2007 और 2012 में भी जीत दर्ज की। 2017 का चुनाव दोनों ने साथ लड़ा, लेकिन गठबंधन सिमटकर 18 सीटों पर आ गया और 10 साल बाद सत्ता से बाहर हो गया।
साल 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के प्रदर्शन के बीच शिअद ने एनडीए छोड़ दिया था। तब पार्टी ने कहा था कि केंद्र सरकार फसलों की एमएसपी पर पक्की मार्केटिंग की कानूनी गारंटी देने से इनकार कर रही है और पंजाबी व सिख मुद्दों पर असंवेदनशील है। 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने 92 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को 2 और अकाली दल को 4 सीटें मिली थीं। नवंबर की शुरुआत में सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर सवाल पूछे जाने पर न हामी दी थी और न इनकार किया था।
