भाजपा की दो दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला शनिवार को दिल्ली के आईसीएआर-पूसा परिसर में संपन्न हुई। समापन सत्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों तथा सह-प्रभारियों को संगठन मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में 100 से अधिक पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

यह आयोजन नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के कामकाज और प्राथमिकताओं की जानकारी देने के उद्देश्य से किया गया था। इसमें संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने, सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने, पार्टी का नेटवर्क मजबूत करने और देशभर में जनाधार बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यशाला की शुरुआत शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन से हुई थी।

इस बीच, कर्नाटक में आशा वर्कर्स का प्रदर्शन जारी है। राज्य सरकार ने उनके मासिक मानदेय में दो हजार रुपए की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होगी। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि पिछले तीन साल से मानदेय में कोई बदलाव नहीं हुआ था। सरकार के इस फैसले के बावजूद आशा वर्कर्स ने अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया है। वे 17 नवंबर से बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन कर रही हैं और मासिक मानदेय 15 हजार रुपए करने तथा बाकी लंबित मांगें पूरी करने की मांग पर अड़ी हैं। संगठन की प्रदेश अध्यक्ष केएस सोमशेखर और सचिव डी नागलक्ष्मी ने कहा कि सरकार के साथ हुई बातचीत के फैसले संतोषजनक नहीं हैं, इसलिए आंदोलन जारी रहेगा।