पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के भीतर संभावित टिकट असंतोष को भुनाने की रणनीति बनाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने छह सदस्यीय ज्वाइनिंग कमेटी गठित की है, जिसके चेयरमैन विधायक जंगी लाल महाजन हैं और राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक भी इसमें शामिल हैं। पाठक की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे आप के संगठनात्मक ढांचे और अंदरूनी समीकरणों से परिचित हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में आप का संगठन तैयार करने और चुनावी रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाई थी और उम्मीदवारों के चयन सहित कई फैसलों में उनकी भागीदारी रही थी। पाठक ने 24 अप्रैल 2026 को आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन की थी।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आप की आगामी उम्मीदवार सूची में कई मौजूदा विधायकों के टिकट कट सकते हैं। ऐसे में टिकट से वंचित रहने वाले नेताओं के सामने राजनीतिक भविष्य के नए विकल्प तलाशने की स्थिति बन सकती है। भाजपा इसी संभावित असंतोष को अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की तैयारी में है। पार्टी की नजर केवल आप ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के प्रभावशाली नेताओं पर भी है।
उधर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी इस बार जनता की भागीदारी से घोषणा पत्र बनाएगी। इसके लिए गांव-गांव संकल्पनामा वैन भेजी जाएगी और अलग-अलग स्थानों पर सुझाव पेटियां रखी जाएंगी। लोगों से सुझाव लेने के लिए तीन मोबाइल नंबर और एक वाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है। इसके बाद दिसंबर के मध्य तक घोषणा पत्र जारी किया जा सकता है।
