नवंबर के आखिरी हफ्ते में ब्लैक फ्राइडे सेल के नाम पर बड़ी छूट के नोटिफिकेशन भेजे जाते हैं, लेकिन कई बार ये डिस्काउंट असली नहीं होते। कंपनियां और ई-कॉमर्स सेलर्स सेल शुरू होने से करीब 15 से 30 दिन पहले प्रोडक्ट की कीमत चुपचाप बढ़ा देते हैं। उदाहरण के तौर पर, आम दिनों में 2,000 रुपये में बिकने वाली जैकेट की कीमत सेल से पहले 5,000 रुपये कर दी जाती है और सेल के दिन उसी जैकेट पर '60% OFF' का टैग लगाकर उसे फिर 2,000 रुपये में बेचा जाता है। ग्राहक को लगता है कि उसने 3,000 रुपये बचाए, जबकि असल में कीमत वही रहती है। इसके अलावा "सिर्फ 4 पीस बचे हैं" जैसे संदेश और चलता हुआ काउंटडाउन टाइमर देखकर लोग बिना सोचे-समझे ऑर्डर कर देते हैं।
इस तरह के ऑफर की पहचान करने के लिए कुछ तरीके अपनाए जा सकते हैं। ऑनलाइन ऐसी वेबसाइट्स और ब्राउजर एक्सटेंशन मौजूद हैं, जिन पर प्रोडक्ट का लिंक डालने से पिछले 3 से 6 महीनों की कीमत का ग्राफ दिख जाता है। अगर सेल से ठीक पहले दाम बढ़ाए गए होंगे, तो यह ग्राफ में साफ दिखेगा।
कंपनियां अक्सर एमआरपी पर छूट दिखाती हैं, जो पहले से ही काफी ज्यादा लिखी होती है। उदाहरण के तौर पर, 4,000 रुपये एमआरपी वाला हेडफोन पूरे साल 1,200 रुपये में बिकता है और सेल में भी उसे "70% ऑफ" बताकर 1,200 रुपये में ही बेचा जाता है। इसलिए प्रतिशत के बजाय यह देखना चाहिए कि सामान उस कीमत के लायक है या नहीं।
एक ही वेबसाइट पर देखकर तुरंत खरीदारी न करें। उसी प्रोडक्ट का नाम गूगल पर सर्च करके अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा या कंपनी की अपनी वेबसाइट पर कीमत की तुलना करें। कई बार एक प्लेटफॉर्म पर "ब्लैक फ्राइडे स्पेशल डील" बताई जाने वाली कीमत दूसरे प्लेटफॉर्म पर सामान्य कीमत होती है। महंगा फोन, जूता या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने से कम से कम एक महीना पहले उसे विशलिस्ट या कार्ट में डालकर कीमत नोट कर लें, ताकि सेल के दिन पता चल सके कि दाम सच में घटा है या सिर्फ दिखावा है।
