जौनपुर में छिनैती मामले की पूछताछ के नाम पर सर्राफा कारोबारियों को परेशान करने के आरोप लगाते हुए गुरुवार को करीब 125 व्यापारी सड़क पर उतर आए। पुलिस की कार्यशैली से नाराज व्यापारियों ने दुकानें बंद कर सराय मोहल्ले में धरना-प्रदर्शन किया। करीब छह घंटे तक सर्राफा बाजार बंद रहने से 25 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित होने का दावा किया गया।

नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीवन लाल अग्रहरि ने बताया कि 13 नवंबर को जौनपुर शहर के सिपाह निवासी मन्नालाल सेठ मछलीशहर आए थे। वह रोडवेज बस अड्डे से सराय मोहल्ले में गुलाबचंद सर्राफ की दुकान पर पहुंचे और झोले में रखी पायल व अंगूठी बेचकर 37,100 रुपये लिए। इसके बाद वह रुपये लेकर कायस्थाना मोहल्ले में रहने वाली अपनी बेटी के घर जा रहे थे। रास्ते में बदमाश उनका झोला छीनकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

व्यापारियों का आरोप है कि घटना की जांच कर रहे चौकी इंचार्ज विनोद कुमार चतुर्वेदी मुख्य आरोपित को पकड़ने के बजाय सर्राफा कारोबार से जुड़े युवकों को पूछताछ के नाम पर परेशान कर रहे हैं। इसी के विरोध में व्यापारी सड़क पर उतरे और करीब तीन घंटे तक सड़क पर बैठे रहे।

बाद में प्रभारी निरीक्षक के साथ बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।