तिरुमला के तिरुपति मंदिर में गुरुवार को चेन्नई के एक भक्त दंपती ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। इन आभूषणों की कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने किया। दान मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुआ।

दान किए गए आभूषणों में 9 सेट में रखे 45 जेवर शामिल हैं। इनमें श्रीवारु का मुकुट और पद्म पादालु यानी पैरों के आभूषण भी हैं। टीटीडी के मुताबिक, तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

चेन्नई की कंपनी 'वारा फ्यूचर एलएलपी' के चेयरमैन वर्धमान जैन ने यह सोना दान किया। उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 6000 करोड़ रुपये हासिल किए थे। इसी रकम से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए ये जेवर बनवाए। इससे पहले भी वे कई बार दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।