बरेली के सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। जिला आभूषण संघ के महासचिव दिनेश अग्रवाल के अनुसार, मंगलवार को सोने का भाव 1,28,500 रुपये था, जो बुधवार को घटकर 1,25,700 रुपये प्रति तोला हो गया। इस तरह एक ही दिन में सोना 3,200 रुपये सस्ता हो गया। चांदी का भाव भी 1,580 रुपये से घटकर 1,495 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले करीब 15 दिनों से कीमतों में आ रही गिरावट के बीच सोना और चांदी 16 दिनों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं।
शादी-विवाह के सीजन में कीमतें घटने से जेवर खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों में उत्साह है। सराफा बाजार में सोने के हार, चेन, अंगूठी और अन्य आभूषणों की जानकारी लेने के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। हालांकि, सहालग शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग शादी-विवाह के लिए सोने के जेवर खरीद चुके हैं, लेकिन कई परिवार अब भी बेहतर भाव का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले कुछ समय में सोने के भाव काफी ऊंचाई पर पहुंच गए थे, ऐसे में मौजूदा गिरावट को ग्राहक राहत के रूप में देख रहे हैं। कई लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतें और नीचे आ सकती हैं, जबकि कुछ ग्राहक सोने का भाव एक लाख रुपये प्रति तोला तक पहुंचने की उम्मीद लगाए हैं। बाजार में आगे कीमतों में कितनी गिरावट होगी, इसे लेकर कारोबारी भी फिलहाल कुछ स्पष्ट कहने की स्थिति में नहीं हैं।
