बेंगलुरु: कर्नाटक में नंदिनी दही की बढ़ी कीमतों के विरोध के बाद कर्नाटक सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत दी है। कर्नाटक को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड (केएमएफ) ने दही की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की कटौती का फैसला किया है। नई दरें 29 नवंबर से लागू होंगी। इसके बाद 1 किलो दही का पैक 68 रुपये की जगह 66 रुपये और 500 ग्राम का पैक 34 रुपये की जगह 33 रुपये में मिलेगा। केएमएफ ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

फेडरेशन के मुताबिक, यह फैसला कर्नाटक सरकार के निर्देश पर लिया गया है। सरकार ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए दही की बिक्री कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की कमी करने को कहा था।

बता दें कि नवंबर की शुरुआत में ही नंदिनी दूध और दही की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। 1 नवंबर से लागू इस संशोधन के तहत 1 किलो दही की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 68 रुपये और 500 ग्राम के पैक की कीमत 28 रुपये से बढ़ाकर 34 रुपये कर दी गई थी। इस बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं के साथ-साथ विपक्षी नेताओं और होटल संघों ने भी विरोध जताया था।

केएमएफ का कहना है कि 1 नवंबर को कीमतों में जो बदलाव किया गया था, वह राज्य के दुग्ध उत्पादकों के अनुरोध पर हुआ था। फेडरेशन ने कहा कि वह सहकारी सिद्धांतों के आधार पर काम करता है और पूरे कर्नाटक में उपभोक्ताओं तथा दुग्ध उत्पादकों, दोनों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास करता है। ताजा फैसले के बाद दही के 1 किलो और 500 ग्राम के पैक सस्ते हो जाएंगे, हालांकि नवंबर की शुरुआत में हुई बढ़ोतरी के मुकाबले नई कीमतें अब भी अधिक हैं।