श्रीनगर में प्रस्तावित बेमिना सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। एनबीसीसी (इंडिया) की ओर से दिलीप बिल्डकान को 901.43 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है और कंपनी को लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया गया है। कंपनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह काम इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन आधार पर सौंपा गया है। इसके तहत सैटेलाइट टाउनशिप फेज-एक के पैकेज-तीन में ग्रुप हाउसिंग-दो और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कंपनी को 24 महीने का समय दिया गया है, जबकि इसके बाद दो वर्षों तक परियोजना के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी के पास रहेगी।

गौरतलब है कि एनबीसीसी और श्रीनगर डेवलपमेंट अथॉरिटी ने इससे पहले रख गुंड बेमिना में 406 एकड़ भूमि पर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए समझौता किया था। प्रस्तावित टाउनशिप आगामी मेडिसिटी और हाईकोर्ट परिसर के नजदीक विकसित की जाएगी और इसे श्रीनगर के नए टाउन सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना में आवासीय प्लाट, लग्जरी विला, अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स, कमर्शियल ऑफिस स्पेस, इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर और 200 कमरों वाला पांच सितारा रिसॉर्ट विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा लगभग 3,200 किफायती आवास इकाइयां भी बनाई जाएंगी, जिनमें प्रत्येक इकाई का क्षेत्रफल करीब 45 वर्ग मीटर होगा। परियोजना को आत्मनिर्भर आर्थिक मॉडल पर विकसित करने की योजना है, जिसके तहत विला और व्यावसायिक स्थानों की बिक्री से राजस्व जुटाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इसे ग्रिहा या आईजीबीसी जैसे ग्रीन बिल्डिंग प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

इस टाउनशिप के विकसित होने से श्रीनगर के पुराने शहर और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। परियोजना के तहत आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ सड़क, जल निकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे हजारों परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी और शहर के सुनियोजित विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि सरकार ने कुछ महीने पहले विधानसभा में जानकारी दी थी कि जम्मू-कश्मीर हाउसिंग बोर्ड की ओर से श्रीनगर के आसपास कई नई आवासीय कालोनियां विकसित करने की योजना है, जिनमें छत्तरहामा में प्रस्तावित हाउसिंग कालोनी भी शामिल है।