जम्मू के आरएसपुरा के गांव चंदू चक के रहने वाले चौधरी विक्रम सिंह ने 12वीं पास करने के बाद अपने पिता के साथ डेयरी व्यवसाय शुरू किया। सरकार की इंटीग्रेटेड डेयरी डेवलपमेंट स्कीम के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने करीब 10 पशुओं के साथ यह काम शुरू किया था। योजना के तहत उन्हें प्रति पशु लगभग 40 हजार रुपये की सब्सिडी मिली, जिससे कारोबार खड़ा करने में मदद मिली। आज उनके पास अच्छी नस्ल की गायों और भैंसों सहित करीब 20 पशु हैं और वह प्रतिदिन लगभग दो क्विंटल दूध का उत्पादन कर रहे हैं। वह आरएसपुरा के साथ-साथ जम्मू शहर में भी दूध की आपूर्ति करते हैं और तीन अन्य लोगों को रोजगार दे रहे हैं।

विक्रम सिंह के मुताबिक, डेयरी व्यवसाय में सबसे बड़ी चुनौती पशुओं के रखरखाव पर बढ़ता खर्च और दूध का उचित मूल्य नहीं मिलना है। वर्तमान में वह गाय का दूध 35 से 40 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 60 से 70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच रहे हैं। हाल ही में पशुओं की फीड की कीमत में करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दूध के बिक्री मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए दूध का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए।

विक्रम का कहना है कि वह गांव के अन्य युवाओं को भी डेयरी व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन युवाओं में इस व्यवसाय को लेकर पर्याप्त जानकारी और तकनीकी प्रशिक्षण की कमी एक बड़ी बाधा है। उन्होंने सरकार से युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की, जिनमें पशुओं की देखभाल, अच्छी नस्ल के पशुओं का चयन, दूध उत्पादन और आधुनिक डेयरी फार्म के संचालन की जानकारी दी जाए।

उनका डेयरी फार्म भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में स्थित है। विक्रम ने कहा कि ऐसे सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले किसानों और युवाओं को विशेष प्रोत्साहन देने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से आधुनिक तकनीक से लैस डेयरी फार्म और शेड तैयार करने के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि पशुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और दूध उत्पादन में वृद्धि हो सके।