रांची नगर निगम मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रन पार्क के संचालन का टेंडर रद करने की तैयारी में है। निगम ने पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए तीन साल की अवधि का टेंडर निकाला था, जिसके लिए करीब 22 लाख रुपये का आरक्षित मूल्य तय किया गया था। ऑनलाइन नीलामी में एक कंपनी ने तीन साल के लिए 1.65 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई थी। इस बोली के साथ ही यह पार्क रांची का सबसे महंगा पार्क बन गया था और निगम को संचालन से अच्छी आमदनी की उम्मीद थी।

निगम की निविदा प्रक्रिया में ऑनलाइन नीलामी में हिस्सा लेने के लिए शुरुआती स्तर पर सभी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य नहीं है। सबसे ऊंची बोली लगाने के बाद संबंधित कंपनी को निर्धारित समय में जरूरी दस्तावेज जमा करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं। पार्क के मामले में सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की।

इसी कारण निगम अब टेंडर रद करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे भविष्य में निगम की निविदाओं में उसके शामिल होने का रास्ता बंद हो सकता है। टेंडर रद होने के बाद पार्क के संचालन और रखरखाव के लिए नए सिरे से निविदा जारी की जाएगी।

नए टेंडर जारी होने तक पार्क के संचालन की प्रक्रिया में देरी हो सकती है। निगम डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाने के बाद भी दस्तावेज जमा नहीं करने के मामले को गंभीरता से ले रहा है। अब निगम की कार्रवाई और नए सिरे से टेंडर जारी होने पर पार्क के संचालन का भविष्य निर्भर करेगा।