शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर अपराधी लोगों को फर्जी ट्रेडिंग ऐप और निवेश योजनाओं का शिकार बना रहे हैं। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक निवेश के नाम पर 52.38 करोड़ रुपये की ठगी हुई। जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 27.54 करोड़ रुपये की ठगी दर्ज की गई, जबकि 2025 की समान अवधि में यह राशि 16.58 करोड़ रुपये थी। वर्ष 2025 में निवेश के नाम पर कुल 25.04 करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, फर्जी आईपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 16.59 करोड़ रुपये, क्रिप्टो करेंसी और फारेक्स के नाम पर 5.32 करोड़, पैसे दोगुने करने के नाम पर 4.68 करोड़ और फर्जी कंपनी योजनाओं के नाम पर 3.31 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने 22 अप्रैल, 2024 की एडवाइजरी में फर्जी निवेश समूह, डीपफेक विज्ञापन, नकली एप और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी थी। सेबी ने 23 नवंबर, 2026 की ताजा चेतावनी में बताया है कि अपराधी पंजीकृत ब्रोकर की पहचान, सेबी की वेबसाइट के स्क्रीनशाट, फर्जी लेटरहेड और मुहर का इस्तेमाल करके निवेशकों को भ्रमित कर रहे हैं। अपराधी सोशल मीडिया पर मोटी कमाई के विज्ञापन देते हैं और कई बार नामी हस्तियों के फोटो या डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल करते हैं। विज्ञापन पर क्लिक करने वालों को वॉट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा जाता है, जहां मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट साझा किए जाते हैं। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया जाता है। शुरुआत में मुनाफा दिखाकर रुपये निकालने पर टैक्स, खाता सत्यापन, प्रोसेसिंग शुल्क या सिक्योरिटी मनी के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा जाता है। भुगतान न करने पर खाता ब्लॉक कर दिया जाता है।

सेबी ने निवेशकों को सलाह दी है कि किसी ट्रेडिंग ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसका नाम, डेवलपर और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट की जांच करें। ऐप का नाम आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए नाम से मिलना चाहिए। डेवलपर का नाम, ग्राहक सेवा का नंबर, ईमेल और कार्यालय का पता भी सत्यापित करना चाहिए। सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होने से ऐप के वास्तविक होने की गारंटी नहीं मिलती। सेबी ने ट्रेडिंग ऐप का सत्यापित बैज देखने और संबंधित एक्सचेंज की अधिकृत ऐप सूची से मिलान करने की सलाह दी है। अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक से एपीके फाइल डाउनलोड करना जोखिम भरा है। निवेश से पहले सेबी की वेबसाइट पर ब्रोकर के रजिस्ट्रेशन की जांच करें और एनएसई व बीएसई की वेबसाइट पर अधिकृत स्टॉक ब्रोकर और उनके मोबाइल ऐप की सूची देखें। सेबी ने अक्टूबर 2025 से पंजीकृत वित्तीय मध्यस्थों के लिए वैलिडेटेड यूपीआई हैंडल और सेबी चेक सुविधा शुरू की है, जिससे यूपीआई आईडी और बैंक खाते के विवरण का सत्यापन किया जा सकता है।

पटना साइबर थाना के डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि निश्चित या गारंटीड मुनाफे का दावा, कम समय में रकम दोगुनी करने का वादा, अनजान वॉट्सएप-टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ना, तीसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भुगतान मांगना, निजी लिंक से ऐप डाउनलोड कराना और निकासी के लिए अलग से टैक्स या सिक्योरिटी फीस मांगना ठगी के प्रमुख संकेत हैं। किसी भी ट्रेडिंग एप पर दिख रहे मुनाफे को वास्तविक कमाई नहीं मानना चाहिए। वास्तविक ट्रेडिंग में बाजार का जोखिम होता है और कोई भी अधिकृत ब्रोकर निश्चित लाभ की गारंटी नहीं देता।