बांग्लादेश की सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बुधवार शाम करीब चार बजे ब्राह्मणबरिया के अखौरा लैंड पोर्ट इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। BNP ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित अवामी लीग के वरिष्ठ नेता जहांगीर कबीर नानक और बहाउद्दीन नसीम अगरतला में मौजूद हैं और वे बांग्लादेश में घुसकर अस्थिरता फैला सकते हैं।
प्रोथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, BNP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया पर कई वीडियो मिले, जिनमें अवामी लीग के नेता जहांगीर कबीर, मोफज्जल हुसैन चौधरी माया, बहाउद्दीन नसीम, अलाउद्दीन चौधरी और अन्य लोग अगरतला एयरपोर्ट पर आते दिख रहे हैं। यह भी खबर थी कि वे अगरतला बॉर्डर इलाके में आ सकते हैं। इन आशंकाओं के बीच अखौरा उपजिला BNP के नेताओं ने सहयोगी पार्टियों के साथ अखौरा इंटरनेशनल इमिग्रेशन पुलिस चेकपॉइंट एरिया के पास BGB के BOP कैंप के गेट के सामने प्रदर्शन किया।
अखौरा उपजिला BNP ने एक नोटिस जारी कर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि भगोड़ा अवामी लीग नेता जहांगीर कबीर नानक अगरतला एयरपोर्ट के पास है और अंदरूनी तौर पर अस्थिरता पैदा करने की साजिश कर रहा है। नोटिस में कस्बा, अखौरा और बिजयनगर थाना BNP तथा ब्राह्मणबरिया जिले के उससे जुड़े और सहयोगी संगठनों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से तुरंत संगठित होने और सतर्क रहने को कहा गया है।
