उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को कानपुर के आर्य नगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में एक कार्यक्रम का उद्घाटन किया और इसे मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, जहां गुंडा-माफिया और दंगे खत्म हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि उद्यम, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और जो कमियां हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले और आज के कानपुर व प्रदेश में अंतर देखा जा सकता है।
पाठक ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री आवास में रोजा-इफ्तार होता था, अब बेटियों के पांव धुलकर पूजा की जा रही है। पहले युवा 31 दिसंबर को गोवा जाते थे, अब काशी-अयोध्या जा रहे हैं। उन्होंने माता विंध्यवासिनी कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि यह मंदिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2014 में देश की कमान संभालने के बाद बना। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुरली वाले का भव्य मंदिर बनाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कांग्रेस पर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह वोट के लिए राम के उत्तर प्रदेश में पैदा होने से इनकार करती है। इंडोनेशिया में रामलीला का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के मुस्लिम राष्ट्राध्यक्ष ने राम को अपना पूर्वज बताया, जबकि यहां तुष्टीकरण की राजनीति हो रही है।
पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला करते हुए पाठक ने कहा कि तब हर गली-मोहल्ले में गुंडे थे और माफिया गाड़ियों में बंदूकें भरकर चलते थे। उन्होंने कहा कि हत्या-लूट, दुष्कर्म और डकैती खुलेआम होते थे तथा बेटियां-माताएं शाम को घर से बाहर निकलने से डरती थीं। उन्होंने कहा कि पहले सड़कें टूटी थीं, अब प्रदेश सबसे अधिक एक्सप्रेसवे बनाने और 75 प्रतिशत सड़कें टू-लेन करने में आगे है। उन्होंने कहा कि पहले बिजली सैफई या रामपुर जाती थी, अब 24 घंटे मिल रही है और भाजपा सरकार ने नकल माफिया की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परस्त आतंकियों ने कानपुर की बेटी का सिंदूर उजाड़ा तो लखनऊ की ब्रह्मोस मिसाइल से आतंकियों के घर में घुसकर मारा गया।
पाठक ने कहा कि सपा चुनावी मौसम आते ही पीडीए और जाति की बात करती है। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि सपा ने अपने चार शासनकालों में क्या किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक जनपद-एक उत्पाद, एक जिला-एक व्यंजन और एक जिला-एक कला दिया। उन्होंने अखिलेश से कहा कि वे अयोध्या जाएं, लेकिन कारसेवकों पर गोली चलाने को लेकर रामलला और जनता से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि प्रभु के चरणों में नाक रगड़ें और कहें कि मुरली वाले का मंदिर बनाने में सहयोग करेंगे, तभी जनता शायद माफ करे। उन्होंने कहा कि कानपुर की आवाज दुनिया तक जाती है, इसलिए यदि लोग ठान लें तो जाति पर वोट मांगने वाले सपा-कांग्रेस समेत सभी दलों को उनकी हैसियत पता चल जाएगी। कार्यक्रम में छह सत्रों में कानपुर की दिशा-दशा, औद्योगिक विकास, शैक्षिक उन्नयन, एमएसएमई और कारोबार पर चर्चा हुई।
