नारनौल के चिण्डालिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा 19 नवंबर को सदर थाना क्षेत्र में हुआ। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शेखपुरा निवासी राजू ने पुलिस को बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है। 19 नवंबर को वह अपने गांव के दोस्त सन्नी के साथ मोटरसाइकिल पर शेखपुरा से चिण्डालिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रहा एक मोटरसाइकिल चालक उनकी साइड में आ गया और उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
हादसे के बाद राजू की मेडिकल जांच कराई गई। मेडिकल रिपोर्ट में उसके शरीर पर चार चोटें दर्ज की गई हैं। सिर और चेहरे की जांच, एक्स-रे सहित विशेषज्ञों की राय के लिए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया है। वहीं, सन्नी के शव को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचाया गया।
पुलिस ने राजू की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर नारनौल में अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों और आरोपित चालक की पहचान करने में जुटी है।
