मुजफ्फरपुर में इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आइडीएसपी) की ओर से सदर अस्पताल में एंटीबायोटिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में मरीजों और उनके स्वजन को बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक न लेने और दवा का कोर्स पूरा करने की सलाह दी गई।

सिविल सर्जन डा. सुधीर कुमार ने बताया कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक का सेवन सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। इसके अत्यधिक इस्तेमाल से बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने लगती है, जिससे संक्रमण का इलाज मुश्किल हो जाता है।

अस्पताल उपाधीक्षक डा. ज्ञानेंदु शेखर और डा. विभाष ने कहा कि लोग अक्सर सामान्य सर्दी-खांसी और बुखार होने पर मेडिकल दुकानों से खुद एंटीबायोटिक खरीदकर सेवन करने लगते हैं। यह आदत नुकसानदेह है। एंटीबायोटिक का इस्तेमाल केवल चिकित्सक की सलाह पर ही करना चाहिए।

आइडीएसपी के मो. यूनुस और विक्रम कुमार ने लोगों से अपील की कि कोई भी दवा चिकित्सक की सलाह और निर्धारित डोज के अनुसार ही लें। एंटीबायोटिक का कोर्स बीच में न छोड़ें, क्योंकि दवा का अनियमित या गलत इस्तेमाल भविष्य में गंभीर संक्रमण के उपचार को मुश्किल बना सकता है। अभियान के तहत चिकित्सकों की टीम ने सदर अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे मरीजों और उनके स्वजन को एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी।