दिवाली की रात जम्मू के वेयर हाउस-नेहरू मार्केट में आग से जलीं आठ दुकानों का पुनर्निर्माण शुरू हो गया है। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट अपने खर्च पर यह निर्माण करा रही है, ताकि पीड़ित दुकानदारों पर किसी तरह का वित्तीय बोझ न पड़े और वे जल्द कारोबार बहाल कर सकें।
फेडरेशन के वरिष्ठ सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई है, जिसकी निगरानी में पूरा निर्माण कार्य हो रहा है। अग्निकांड में कुछ दुकानों की छतों में दरारें आ गई थीं, इसलिए उन छतों को तोड़कर नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है। जिन दुकानों की छतें सही पाई गईं, उनकी दीवारों और छतों की मरम्मत करवाई जा रही है, ताकि दुकानें जल्द से जल्द तैयार हों।
फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता के अनुसार, ये दुकानें जेडीए की हैं और जेडीए इन्हें बनाकर देने को तैयार था, लेकिन विभागीय औपचारिकताओं को पूरा करने में काफी समय लग सकता था। गुप्ता के अनुसार, फेडरेशन चाहती थी कि पीड़ित दुकानदारों को जल्द से जल्द कारोबार बहाल करने के लिए दुकानें मिलें, इसलिए उसने स्वयं मरम्मत और निर्माण का काम शुरू करवाया।
दीपक गुप्ता ने कहा कि पीड़ित दुकानदारों से एक पैसा नहीं लिया जाएगा और पूरा काम फेडरेशन अपने खर्च पर पूरा करेगी।
