शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ रेवाड़ी में शादी-विवाह के आयोजन फिर शुरू हो जाएंगे। अबूझ सावे के कारण जिले भर में विवाह समारोहों की शुरुआत होगी। ज्योतिषियों के अनुसार इस साल विवाह और सगाई जैसे शुभ कार्यों के लिए 12 दिसंबर तक ही मुहूर्त रहेंगे। 20 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच 23 दिनों में कुल 16 दिन शादी के मुहूर्त हैं। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने पर एक माह तक विवाह के आयोजन बंद रहेंगे।

ज्योतिषाचार्य पं. दिलीप शास्त्री और पं. महेश पत्सारिया आदि के अनुसार नवंबर में 21, 24, 25 और 26 नवंबर को विवाह के योग हैं। दिसंबर में दो, तीन, चार, पांच, छह, 11 और 12 दिसंबर को मुहूर्त बन रहे हैं। 12 दिसंबर वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त होगा। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होने पर मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। खरमास की अवधि मकर संक्रांति तक रहेगी।

विवाह सीजन के चलते बाजारों में रौनक बढ़ गई है। समारोह स्थल, बैंक्वेट हाल और होटलों की बुकिंग फुल है। कैटरिंग संचालकों, हलवाइयों, टेंट हाउस, डेकोरेटर्स, बैंडबाजा और घोड़ी संचालकों के यहां भी बुकिंग है। कपड़ा, आभूषण, जूते, ब्यूटी पार्लर और उपहारों की दुकानों पर भी खरीदारी बढ़ी है।

देवउठनी एकादशी पर सेक्टर एक स्थित श्री श्याम मंदिर सोलहराही धाम में विशेष आयोजन होगा। श्री श्याम दीवाना मंडल के प्रधान मनोज यादव के अनुसार बाबा श्याम का श्रृंगार कोलकाता से मंगाए गए रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से किया जाएगा। श्रद्धालुओं को केसर युक्त विशेष सामक की खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंडल ने श्याम भक्तों से मंदिर पहुंचकर दर्शन करने का आह्वान किया है।