केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक और राज्यसभा की बैठक 2 से 3 दिसंबर तक चलेगी। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। साथ ही राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।

नए विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने की व्यवस्था की गई है। संशोधित सीटों और सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का भी प्रस्ताव है। इस बीच बीआरएस ने विधेयक का समर्थन किया है, मगर कुछ शर्तें रख दी हैं।

इससे पहले 17 अप्रैल को सरकार का पिछला संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। उस समय विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे, जबकि इसे पारित होने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला था।

अब सरकार को भरोसा है कि टीएमसी से अलग हुए सांसदों और कुछ अन्य दलों के समर्थन से इस बार विधेयक पारित हो सकता है। हालांकि, विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होगी।