केंद्र सरकार ने BS-6 वाहन मालिकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर नियमों में बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। नई व्यवस्था के तहत अब नई BS-6 गाड़ियों को तीन साल तक PUC रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों के लिए भी यह प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा। परिवहन वाहनों को अब हर साल की जगह हर दो साल में PUC रिन्यू करवाना होगा।
हालांकि, छह साल से अधिक पुरानी गाड़ियों को कोई राहत नहीं दी गई है। छह से दस साल तक पुरानी BS-6 गाड़ियों के लिए हर साल और दस साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों के लिए हर छह महीने में PUC सर्टिफिकेट बनवाना होगा। BS-6 से पहले के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों पर भी पुराने नियम ही लागू रहेंगे।
सरकार ने PUC प्रमाणपत्र की तारीख को लेकर भी जानकारी दी है। अगर प्रमाणपत्र खत्म होने से पहले नया सर्टिफिकेट जारी करवाया जाता है, तो इसकी अवधि नई तारीख से शुरू होगी। लेकिन अगर यह खत्म होने के 10 दिन पहले शुरू होती है, तो यह पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। वहीं, प्रमाणपत्र खत्म होने के बाद रिन्यू करवाने पर इसकी वैधता नई तारीख से शुरू होगी।
केंद्र सरकार के मुताबिक, इन नियमों को केंद्रीय मोटर वाहन में अधिसूचित किया गया है और राजपत्र पर प्रकाशन के साथ ही ये लागू हो गए हैं। नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। यह नई व्यवस्था केवल नियम लागू होने के बाद करवाए जा रहे प्रमाणपत्रों पर लागू होगी।
