मेघालय में गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश के नियंत्रण वाले हिस्से में पहुंचे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने हिरासत में ले लिया था। अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के कमांडरों के बीच बातचीत और मुलाकात के बाद जवान मंगलवार शाम सुरक्षित लौट आया।
अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल रैंक का यह सशस्त्र जवान दोपहर के समय 'अनजाने में' सीमा की दूसरी तरफ चला गया था। यह घटना मेघालय के जोवाई इलाके में हुई, जो बांग्लादेश के सिलहट जिले से लगता है। इस इलाके में दोनों तरफ से पर्यटक आते-जाते रहते हैं।
इससे पहले बीएसएफ अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल उन वीडियो का संज्ञान लिया है, जिनमें बीजीबी के दो जवान और कुछ स्थानीय लोग एक भारतीय जवान के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में भारतीय जवान के पास वॉकी-टॉकी सेट, इंसास राइफल और पंप-एक्शन गन देखी जा सकती है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बीजीबी कर्मी भारतीय जवान को एक स्थानीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भारत-बांग्लादेश की 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा बीएसएफ द्वारा की जाती है।
