बदायूं शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने रोडवेज और निजी बसों के आवागमन के रास्ते बदलने का फैसला किया है। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर तैयार नया रूट प्लान 30 नवंबर और एक दिसंबर को लागू होगा। योजना के तहत शहर में आने वाली और बस स्टैंड से बाहर जाने वाली बसों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं।
बरेली, पीलीभीत और टनकपुर की बसें नवादा चौराहा, पटेल चौक, एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल और महाराणा प्रताप चौक होते हुए हाथी पार्क से बस स्टैंड पहुंचेंगी। कासगंज, एटा, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की बसों के लिए मेडिकल कॉलेज तिराहा से बिल्सी मोड़ का रास्ता निर्धारित किया गया है। शाहजहांपुर, दातागंज, फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं और ककराला की बसें मंडी समिति चौराहा, रेलवे फ्लाईओवर, पुलिस लाइन चौराहा, एमटी गेट और वन विभाग रोड से हाथी पार्क होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। अन्य दिशाओं से आने वाली बसों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं।
बस स्टैंड से वापसी के लिए भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा, नवादा और मझिया मोड़ के रास्ते निर्धारित किए गए हैं। लालपुल, जालंधरी सराय, महाराणा प्रताप चौक, हाथी पार्क, रोडवेज चौराहा, मंडी समिति और दातागंज तिराहे सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पटेल चौक और मंडी समिति-मझिया मार्ग पर बैरियर लगाकर निगरानी की जाएगी।
इस प्रयोग की अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि हाल में शहर के जाम ने आपातकालीन सेवा के सामने गंभीर चुनौती खड़ी की। बीती रात बरात की चढ़त के दौरान करीब एक घंटे तक लगे जाम में सायरन बजाती एंबुलेंस फंसी रही। उसमें सवार बीमार महिला किरन की बरेली पहुंचने पर मौत हो गई। पति ने मैरिज लॉन संचालक के खिलाफ शिकायत की है। मौत के कारणों और शिकायत पर पुलिस की जांच की जा रही है।
