बदायूं के आमगांव निवासी नायक अंकुश कुमार पटेल हरियाणा के हिसार जिले में भोजराज गांव के पास 21 नवंबर को सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से शहीद हो गए थे। इस हादसे में शामली के लांस नायक मनीष कुमार भी शहीद हुए थे। अंकुश के पिता भी सेना से सेवानिवृत्त हैं।
रविवार सुबह करीब नौ बजे शहीद का पार्थिव शरीर बदायूं पहुंचा। दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल से फूलों से सजे सैन्य वाहन में अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसमें करीब पांच किलोमीटर के सफर में सैकड़ों लोग शामिल हुए। भारत माता की जय और शहीद अंकुश अमर रहें के नारों से आमगांव गूंज उठा। सिटी मजिस्ट्रेट सुमित सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और चार थानों की पुलिस ने सुरक्षा संभाली।
पार्थिव देह घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं, पत्नी पूजा रोते-रोते बेसुध हो गईं और पिता आदेश कुमार अपने आंसू छिपाते रहे। भाई विनीत परिजनों को संभालता रहा। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर पर आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई और शहीद अपनी जन्मभूमि की मिट्टी में पंचतत्व में विलीन हो गया। उनके पीछे पत्नी पूजा, 11 वर्षीय बेटी नंदिनी और सात वर्षीय बेटा हर्ष हैं।
