बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मुहाना के पास एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल है। घायल युवक के अनुसार बाइक चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ।

डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम खरका निवासी 21 वर्षीय कपिल और 18 वर्षीय रूपेश गुरुवार रात अपने दोस्त हकीम की बरात में बाइक से महोबा के ग्राम खन्ना गए थे। बरात के बाद दोनों शुक्रवार सुबह बाइक से घर लौट रहे थे।

घायल रूपेश ने बताया कि जब उनकी बाइक एक्सप्रेसवे पर ग्राम मुहाना के पास पहुंची, तो बाइक चला रहे कपिल को झपकी आ गई। उनके अनुसार बाइक की रफ्तार करीब 80 किमी प्रति घंटा थी, जिससे दोनों युवक गिर पड़े। कपिल हेलमेट लगाए था और सड़क पर गिरा, जबकि रूपेश बीच में गिरा। हादसे में दोनों घायल हो गए।

बचाव दल ने दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। रूपेश का इलाज चल रहा है। कपिल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उप निरीक्षक शिवकरन सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।