पश्चिम बंगाल के नरेंद्रपुर में 12वीं कक्षा के एक छात्र की स्कूल में गर्म चाय पीने के बाद मौत हो गई थी। मामले में पारदर्शी जांच का निर्देश देने की मांग वाली याचिका पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने कोई नया आदेश देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि पुलिस जांच कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, इसलिए नया निर्देश नहीं दिया जा सकता। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को कानूनी रास्ता भी सुझाया।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, इसलिए न्यायालय कोई निर्देश जारी नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर याचिकाकर्ता पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं है, तो वह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 193 (9) के तहत संबंधित जज से आगे की जांच की मांग कर सकता है।
यह घटना 30 जून 2026 की है। याचिकाकर्ता मनोरंजन महता ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी और एक रिटायर जज के नेतृत्व में कमेटी बनाने की अपील की थी। याचिका के अनुसार, छात्र ने लंच के समय स्कूल में चाय पी थी, जिसके बाद उसमें बीमारी के लक्षण दिखने लगे थे। याचिकाकर्ता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने जानबूझकर ढिलाई बरती और उन्हें देर से जानकारी दी; अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
स्कूल के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया कि बच्चे को अस्पताल ले जाया गया था और वहां उसकी मौत हुई। इस पर जस्टिस सौगत ने सवाल किया कि बच्चे के पिता के आने का इंतजार क्यों किया गया और उसे पहले अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, लड़के की ऊपरी श्वसन मार्ग और ऊपरी भोजन की नली के बड़े हिस्से में जलने के निशान थे और गर्म होने से गले में सूजन आ गई थी, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हुई। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज देने से इनकार किया, जबकि राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि फुटेज सुरक्षित कर ली गई है।
