नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने ‘चक्र’ श्रेणी के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त ट्रेन यात्रा की सुविधा का दायरा बढ़ाकर सभी रेलगाड़ियों तक कर दिया है, जिनमें वंदे भारत भी शामिल है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस विस्तार के साथ पुरस्कार विजेताओं के मौजूदा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि वीरता का सम्मान करते हुए एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल के तहत रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय के परामर्श से ‘चक्र’ श्रेणी के पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा को बढ़ाया है। सेना के अनुसार, यह सुविधा अब वंदे भारत सहित सभी रेलगाड़ियों में उपलब्ध है और संबंधित लोगों के मौजूदा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सेना ने कहा कि यह पहल देश के ‘‘योद्धाओं’’ के साहस, बलिदान और सेवा का सम्मान करने तथा राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देने की ‘‘साझा प्रतिबद्धता’’ को दर्शाती है।
वीरता पुरस्कारों की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आजादी के बाद सरकार द्वारा शुरू किए गए पहले तीन वीरता पुरस्कार परम वीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र थे। इनकी शुरुआत 26 जनवरी 1950 से हुई, लेकिन इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया। इसके बाद तीन अन्य वीरता पुरस्कार शुरू किए गए। इन छह पुरस्कारों का वरीयता क्रम इस प्रकार है: परम वीर चक्र, अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र।
