चैंपियंस लीग के लीग मुकाबलों में स्पेन की दिग्गज टीम बार्सिलोना ने अजरबैजान की सबा एफसी को 4-1 से हरा दिया। सितारों के बिना उतरी बार्सिलोना ने दूसरे हाफ में दस मिनट के भीतर तीन गोल किए। टीम इस मैच में लामिने यमाल के बिना उतरी थी, जबकि राफिन्हा 75वें मिनट में खेलने आए। अंग्रेज फारवर्ड एंथनी गार्डन ने उनकी कमी नहीं खलने दी और 31वें तथा 51वें मिनट में गोल दागे। करीम अदयेमी ने 55वें और गैब्रिएल जीसस ने 60वें मिनट में गोल किया, जबकि सबा का इकलौता गोल 63वें मिनट में जाय लांस मिकेल्स ने किया।
स्वीडन के स्ट्राइकर अलेक्जांडर इसाक के 13वें और 82वें मिनट में दागे गए दो गोलों की मदद से इंग्लैंड के क्लब लिवरपूल ने बेल्जियम के क्लब ब्रुग्गे को 3-0 से हराया। टीम के लिए एक गोल मिडफील्डर फ्लोरियन विर्त्ज ने 79वें मिनट में किया।
नार्वे के फुटबॉल क्लब वाइकिंग के खिलाफ स्पेन के एटलेटिको मैड्रिड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2-0 की जीत हासिल की। स्ट्राइकर अलेक्जांडर सोर्लोथ और जूलियन अल्वारेज ने टीम के लिए 19वें और 24वें मिनट में गोल किए। एटलेटिको ने अपनी छवि के उलट काफी आक्रामक फुटबॉल खेली और कुल 22 शॉट लिए, जिनमें से 10 निशाने पर थे।
पुर्तगाल के क्लब स्पोर्टिंग लिस्बन के खिलाफ खराब डिफेंडिंग के बावजूद मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम एक अंक हासिल करने में सफल रही। टीम ने लगातार दो पेनाल्टी दीं, हालांकि युवा स्ट्राइकर लुइस सुआरेज द्वारा ली गई पहली पेनाल्टी गोलकीपर सेने लमेंस ने बचा ली, लेकिन 33वें मिनट में मिली दूसरी पेनाल्टी पर वह चूक गए। 80वें मिनट में आया लिस्बन का दूसरा गोल यूनाइटेड प्रशंसकों के लिए और दुख भरा रहा, जब एक आसान मौके पर गोलकीपर लमेंस गेंद को कैच करने में नाकाम रहे और सुआरेज ने बाइसिकल किक द्वारा गोल कर दिया। यूनाइटेड के दोनों गोल कप्तान ब्रूनो फर्नांडेज ने किए। 48वें मिनट में पेनाल्टी पर गोल करने के बाद फर्नांडेज ने 50वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया।
