टीम इंडिया के तेज गेंदबाज और सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में 11 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में तमिलनाडु के खिलाफ मैच में उनादकट ने 40 रनों की पारी खेली, जो टी20 क्रिकेट में 11 नंबर पर किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ी पारी है। इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के डैनी ब्रिग्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2020 में बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए 35 रन बनाए थे।

मैच में 193 रनों का पीछा कर रही सौराष्ट्र ने 93 रन पर ही 9 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 11 नंबर पर बल्लेबाजी करने आए उनादकट ने चेतन साकरिया के साथ 10वें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। हालांकि, वे टीम को जीत नहीं दिला सके और सौराष्ट्र को 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

उनादकट से पहले भारत की ओर से 11 नंबर पर टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड मुनाफ पटेल के नाम था, जिन्होंने साल 2009 आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 23 रन बनाए थे। वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से पंजक जसवाल और प्रशांत सोलंकी के नाम था, जिन्होंने अपने-अपने राज्यों के लिए 23-23 रनों की पारी खेली थी।