चंदौली में धान और गेहूं की पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसान अब फूलों की खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। बाजार में मांग और बेहतर आय की संभावनाओं को देखते हुए जिले में इस बार फूलों की खेती का रकबा बढ़कर लगभग 150 हेक्टेयर हो गया है। इसमें गेंदा, गुलाब और ग्लैडियोलस प्रमुख हैं। नियामताबाद और चहनियां क्षेत्र में फूलों की खेती का रकबा बढ़ा है, जबकि सैयदराजा और चकिया इलाके में गेंदा तथा शहाबगंज में गुलाब की खेती व्यापक पैमाने पर की जा रही है। उद्यान विभाग के अनुसार जिले में 77 किसान इसकी खेती करते हैं और फूलों की तोड़ाई में लगभग 250 श्रमिकों को रोजगार मिलता है।

फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र किसानों को फूलों की खेती के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है, जिससे खेती की शुरुआती लागत का बोझ कम होता है। किसान परंपरागत फसलों के साथ फूलों की खेती को भी अपना रहे हैं। गेंदा फूल का उपयोग पूजा-पाठ, माला और सजावट में होता है, जबकि गुलाब और ग्लैडियोलस की मांग विभिन्न आयोजनों और समारोहों में रहती है। शादी-विवाह, धार्मिक आयोजन और अन्य समारोहों के कारण फूलों की मांग बनी रहती है। किसान तैयार फूलों को स्थानीय बाजारों में बेचकर आमदनी करते हैं। फूलों की खेती कम समय में नकदी आय का अवसर उपलब्ध कराती है।

कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान विज्ञानी डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि फूलों की खेती में मौसम, सिंचाई और बाजार की मांग का ध्यान रखना जरूरी होता है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. शैलेन्द्रदेव दुबे ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में फूलों की खेती के लिए अनुदान का प्रविधान किया गया है और किसान विभाग में आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि फूलों की खेती में अच्छी संभावनाएं हैं और किसानों को परंपरागत फसलों के साथ बागवानी फसलों को अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।