चंडीगढ़ कार्निवल-2026 के तहत सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी में विंटेज और क्लासिक कारों की प्रदर्शनी लगाई गई है। विंटेज एंड क्लासिक कार क्लब चंडीगढ़ की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में अलग-अलग मॉडल की 18 विंटेज गाड़ियां रखी गई हैं। इनमें 1925 मॉडल की ऑस्टिन और 1952 मॉडल की मॉरिस माइनर भी शामिल हैं। तीन दिवसीय कार्निवल का समापन रविवार को होगा।

क्लब के सदस्य जसवंत सिंह ने बताया कि गैलरी में 18 विंटेज गाड़ियां प्रदर्शित की गई हैं। क्लब में ट्राईसिटी के 18 से ज्यादा सदस्य हैं। उनके अनुसार, 1939 तक या उससे पहले बनी कारें विंटेज श्रेणी में आती हैं, जबकि 1969 के बाद की कारें क्लासिक श्रेणी में रखी जाती हैं। विंटेज एंड क्लासिक कार क्लब चंडीगढ़ की स्थापना 1993 में हुई थी और इसमें ट्राईसिटी के सदस्य शामिल हैं। क्लब के सदस्यों के पास 1925 से 1952 तक के मॉडल की कारें हैं। जेएस फूलका क्लब के प्रेसिडेंट हैं और बलबीर सिंह इसके संस्थापक सदस्यों में से एक हैं।

चंडीगढ़ के दिलराज सोही ने बताया कि उन्होंने करीब नौ साल पहले उत्तर प्रदेश से 1952 मॉडल की मॉरिस माइनर खरीदी थी। इसके बाद से अलग-अलग गैरेज में कार को ठीक कराने का काम चल रहा था और अब कार पूरी तरह चलने की स्थिति में है। इस मॉडल का निर्माण कई दशक पहले बंद हो चुका है, इसलिए इसके स्पेयर पार्ट्स आसानी से नहीं मिलते और कभी दिल्ली तो कभी मुंबई जाकर उन्हें तलाशना पड़ता है। सोही के मुताबिक, नई वीए सीरीज जारी कराने की सुविधा है, लेकिन इसके लिए पुराने टैक्स और अन्य बकाया चुकाने पड़ते हैं, साथ ही कार के पुराने दस्तावेज जुटाने होते हैं। 50 से 70 साल पुराने रिकॉर्ड तलाशना कई बार मुश्किल हो जाता है।

मोहाली के बलबीर सिंह विंटेज एंड क्लासिक कार क्लब के सदस्य हैं। उनके पास चार से पांच पुरानी कारें हैं और सभी चलने की स्थिति में हैं, जिनमें 1925 मॉडल की ऑस्टिन सबसे पुरानी है। बलबीर सिंह ने बताया कि करीब 25 साल पहले पंजाब के एक व्यक्ति ने उन्हें यह कार मुफ्त में दी थी। उस समय वह गाड़ियों का काम करते थे और उनकी अपनी वर्कशाप थी। कार के कुछ पुर्जे बनवाने पड़ते हैं, जबकि कुछ दिल्ली और विदेशों से मंगवाए जाते हैं। बलबीर सिंह की यह ऑस्टिन कार कामेडियन कपिल शर्मा की फिल्म फिरंगी में भी दिखाई दी थी।