बिल्हौर क्षेत्र के बरंडा गांव की रहने वाली डॉ. निशा कटियार को चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दो स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में 20 नवंबर को आयोजित समारोह में उन्हें आब्स एवं गायनी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) में यह सम्मान दिया गया। समारोह में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।

डॉ. निशा ने एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद आरएमएल दिल्ली से आब्स एवं गायनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। यह उनकी पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है; इससे पहले दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें डॉ. ब्रिलियंट अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

उनके पिता गिरीश चंद्र कटियार गोरखपुर स्थित डिवीजनल ट्रेनिंग सेंटर, होमगार्ड्स में डिवीजनल कमांडेंट हैं। छोटे भाई आकाश कटियार भी एमबीबीएस डॉक्टर हैं, जबकि मां सीता कटियार अरौल स्थित एसआर मेमोरियल स्कूल की प्रबंधक हैं।

राष्ट्रपति के हाथों दो स्वर्ण पदक मिलने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई। डॉ. निशा की सफलता को क्षेत्र में इस बात की मिसाल माना जा रहा है कि निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।