कासगंज की गंगा कटरी में बसे ककोड़ा मेले में दो लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। गुरुवार सुबह से शुक्रवार रात तक श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा, जिससे मेला क्षेत्र तंबुओं और डेरों से भर गया है। हजारों ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचे भक्त गंगा स्नान और मेले की रौनक का आनंद ले रहे हैं। मीना बाजार में भी भीड़ बढ़ गई है और दुकानदार अपनी दुकानें सजाने में जुटे हैं।
मेले में बदायूं के अलावा कासगंज, सोरों, पटियाली, गंजडुंडवारा और आसपास के गांवों से श्रद्धालु पहुंचे हैं। बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद से भी भक्त आ रहे हैं। अनुमान है कि शनिवार और रविवार को मेले में ज्यादा भीड़ होगी, जबकि सबसे अधिक श्रद्धालु पूर्णिमा पर पहुंचने की उम्मीद है।
गंगा किनारे बसा यह मेला कासगंज जिले की सीमा में आता है। मेले की दक्षिण दिशा में कुर्मियान मेला बस गया है और गंगा घाट तक डेरों की कतारें दिख रही हैं। मेले में अस्थायी दुकानें, चाय-पकौड़ी के ठेले, पूजा सामग्री की दुकानें, झूले और मीना बाजार की दुकानें सज रही हैं। शुक्रवार देर शाम तक मीना बाजार पूरी तरह नहीं लगा था और अनुमान है कि शनिवार रात तक बाजार पूरा सज जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से गंगा के दूसरी ओर दो पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। शुक्रवार देर शाम तक इन चौकियों में कोई पुलिसकर्मी नहीं दिखा। बताया जा रहा है कि इन चौकियों तक पहुंचने के लिए पुलिसकर्मियों को गंगा पार करनी पड़ती है, जिससे ये चौकियां सुनसान पड़ी हैं।
