एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय टेस्ट टीम में मोहम्मद सिराज को जगह न मिलने पर प्रतिक्रिया दी है। सहारनपुर में बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि सिराज बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं। उनके पिता हैदराबाद में ऑटो रिक्शा चलाते थे और सिराज ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है। ओवैसी के मुताबिक, दुनिया शायद उन मुश्किलों और कुर्बानियों को नहीं जानती, जिनसे गुजरकर सिराज ने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर सिराज ने भारत के लिए कई टेस्ट मैच खेले हैं और अब तक 144 टेस्ट विकेट लिए हैं।

ओवैसी ने कहा कि सिराज की सबसे बड़ी ताकत उनकी इच्छाशक्ति है और उन्हें दबाना या लंबे समय तक टीम से बाहर रखना आसान नहीं है। उन्होंने सिराज को सच्चा फाइटर बताते हुए भरोसा जताया कि वह टीम इंडिया में दमदार वापसी करेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज का उदाहरण देते हुए ओवैसी ने कहा कि सिराज ने सभी पांच मुकाबले खेले, 1,113 गेंदें फेंकीं और सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। ओवैसी ने सिराज के व्यवहार और सादगी की भी तारीफ की और कहा कि उनका चरित्र दूसरों के लिए मिसाल है।

इस बीच, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि सिराज को धर्म के कारण न्यूजीलैंड शृंखला के लिए टीम से बाहर रखा गया। मसूद ने कहा था कि सिराज का नाम मोहम्मद है, इसीलिए उन्हें टीम से बाहर किया गया। इस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी और मसूद पर राजनीतिक ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण का आरोप लगाया।

यूपी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मसूद ध्रुवीकरण और तुष्टीकरण की राजनीति का खतरनाक खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में राष्ट्रीय टीम में चयन धर्म के आधार पर नहीं होता। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मसूद ने चुनाव से पहले ध्रुवीकरण को ध्यान में रखकर यह बयान दिया है।