प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के वैशाली जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन और निरीक्षण किया। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उन्होंने राज्य को लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सड़क नेटवर्क, ऊर्जा, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। पीएम मोदी ने कई तैयार परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया और कई नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।
पटना पहुंचने पर पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन के दौरान उनके साथ बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उनके लिए यह उत्साह का दिन है कि प्रधानमंत्री मोदी उनके संसदीय क्षेत्र में आए और बिहार को कई परियोजनाएं समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि आज उनके नेता और पिता राम विलास पासवान जी का दशकों पुराना सपना सच होने जा रहा है। सभा को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि यह 'डबल-इंजन' सरकार का विजन है, जहां जमीनी स्तर पर एक के बाद एक विकास परियोजनाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान के परिणाम से ही आज यह पुल पूरा हो सका है।
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह अच्छी बात है और उन्हें आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा जा रहा है और नीतीश कुमार ने बहुत काम किया है, कई पुल बनवाए हैं, इसलिए उनके नाम पर नाम रखना ठीक है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की दिली इच्छा है कि बिहार को 'विशेष राज्य का दर्जा' दिया जाए और पटना यूनिवर्सिटी को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री के मन में थोड़ी भी संवेदना है, तो उन्हें ये मांगें पूरी करनी चाहिए।
