गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के गांव घामड़ोज में एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ रिहायशी इलाके में सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में तीनों को रात के समय एक दीवार से नीचे उतरते और आश्रम परिसर के पास पानी पीते देखा गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और वे बच्चों, बुजुर्गों तथा मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, आबादी के इतने करीब तेंदुए के परिवार की मौजूदगी से खतरा बढ़ गया है। गांव के मास्टर सतपाल, शील कुमार, मनबीर राघव और जयपाल सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार तेंदुए गांव में घुसे हैं और पहाड़ी की तलहटी में रहने वाले पशुपालकों की बकरियों तथा गाय के बच्चों को उठा ले गए हैं। आश्रम, देवी मंदिर और मिढ़ावली क्षेत्र में भी पिछले कुछ समय से तेंदुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों को कई बार इसकी शिकायत दी गई, लेकिन जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनका कहना है कि पानी और भोजन की तलाश में तेंदुए आबादी की ओर पहुंच रहे हैं। रायसीना, सांप की नंगली, घामड़ोज, भोंडसी, टिकली और सकतपुर सहित अरावली की तलहटी में बसे कई गांवों के लोग इस समस्या से चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से घामड़ोज में तत्काल टीम भेजने, तेंदुओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

इस बारे में वन विभाग के स्थानीय अधिकारी खजान सिंह का कहना है कि जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास पहाड़ी और वन क्षेत्र ही है और विभाग की ओर से ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने पहाड़ी क्षेत्र में ही घर बना रखे हैं और पशु भी पाल रखे हैं, इसलिए लोगों को अपनी ओर से भी सतर्कता बरतनी होगी।