झारखंड के चतरा जिले में एनटीपीसी की एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा परियोजना (टंडवा) के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन मजदूरों की जान चली गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, कई कर्मचारी जमीन से करीब 50 मीटर की ऊंचाई पर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम कर रहे थे, तभी अचानक वह टूटकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की और बताया कि निर्माण कार्य एनटीपीसी की ओर से नियुक्त एक आउटसोर्स कंपनी से कराया जा रहा था। उनके अनुसार दुर्घटना के सटीक कारणों का आधिकारिक तौर पर अभी पता नहीं चल पाया है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण कन्वेयर बेल्ट टूटा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के वक्त एक मजदूर कन्वेयर बेल्ट के साथ ही लटक गया था। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

एनकेएसटीपीपी नॉर्थ करणपुरा (टंडवा) के जन संपर्क अधिकारी के अनुसार, निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट पर काम के दौरान हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड एवं मेसर्स थिसेनक्रुप के अंतर्गत कार्यरत तीन श्रमिकों की मृत्यु हुई तथा दो श्रमिक घायल हुए। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी परिवार इस घटना से अत्यंत शोकाकुल है और सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। घायलों का उचित उपचार किया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चतरा स्थित एनटीपीसी में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।