मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नीमच दौरे के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कुकडेश्वर निवासी नेहा माली से मुलाकात की। नेहा मंगलवार को मनासा प्रवास के दौरान सीएम का काफिला गुजरते समय उनसे बात करने के लिए चीखते हुए आगे बढ़ी थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया था। वह बार-बार कह रही थी कि उन्हें सीएम से मिलना है और अपनी बात उनके सामने ही रखेंगी। पुलिसकर्मियों के पूछने पर उन्होंने कहा था कि उनकी समस्या बड़ी है।

कैबिनेट बैठक के बाद सीएम यादव ने नेहा माली को मिलने के लिए बुलाया और अपने पास बैठाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने कलेक्टर को नेहा की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए और उन्हें एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

सीएम ने कहा कि नेहा माली के साथ पूरा न्याय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नेहा के रिश्तेदारों द्वारा उनके पिता की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने और उन्हें परेशान करने की शिकायत की जांच कर बेटी को उसका वाजिब हक दिलाया जाएगा। सीएम ने नेहा को ढांढस बंधाया और हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

नेहा ने सीएम से भेंट में बताया कि उनके पिता के निधन के बाद उनके और उनकी छोटी बहन के साथ सगे रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ना देकर उन्हें पैतृक मकान से बेदखल कर दिया गया। पुलिस में आवेदन देने के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी।