मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर पुल पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिला। युवक के सिर पर हेलमेट लगा था और शरीर से बहकर खून सड़क पर जमा हो गया था। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर अहियापुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।

थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घने कोहरे के कारण यह सड़क हादसा हुआ। किसी स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृत युवक की पहचान कर ली है और उसके स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, स्वजनों के मौके पर पहुंचने और उनका बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविकता पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। स्कॉर्पियो का पता लगाने के लिए आसपास की दुकानों के सीसी कैमरों की तहकीकात की जा रही है।