जम्मू-कश्मीर में करीब 37 साल के आतंकवाद के दौर में 18 नवंबर 2026 को अहम पड़ाव माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के मुताबिक, पहली बार घाटी में ऐसा कोई स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं है, जो उनकी पहुंच से बाहर हो। कुलगाम के जंगलपोरा में लतीफ अहमद बट के मारे जाने के साथ सक्रिय आखिरी ज्ञात स्थानीय आतंकी का भी सफाया हो गया। सुरक्षा बलों ने इस साल अब तक 23 आतंकियों को मार गिराया है, जबकि पिछले साल यह संख्या 46 थी।
करीब डेढ़ महीने पहले बड़गाम के यूसमर्ग में पाकिस्तानी आतंकी आसिफ फौजी उर्फ मूसा के मारे जाने के बाद लतीफ का खात्मा इस बदलाव की अहम कड़ी बना। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के भीतर सक्रिय आतंकियों के सफाए और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान तेज किए गए, जिससे लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और आइएसआइ के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा।
इस साल फरवरी की शुरुआत में कठुआ के जंगलों से सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। 22 फरवरी को ऑपरेशन त्राशी-एक के तहत जैश के आतंकी सैफुल्ला को मार गिराया गया, जो करीब पांच साल पहले पाकिस्तान से घुसपैठ कर आया था। आठ जुलाई को शोपियां में लश्कर के स्थानीय आतंकी जाकिर अहमद गनई मारा गया। राजौरी क्षेत्र से घाटी में दाखिल पाकिस्तानी आतंकी यासिर सितंबर के तीसरे सप्ताह में बड़गाम के अशधार में मारा गया, जबकि कुछ दिनों बाद यूसमर्ग में आसिफ फौजी का भी सफाया कर दिया गया।
सुरक्षा बलों ने नई भर्ती रोकने पर भी ध्यान दिया। पिछले दस महीनों में करीब 30 ओवरग्राउंड वर्करों को हथियारों तथा आतंकी संगठनों के पोस्टर और साहित्य के साथ गिरफ्तार किया गया और भर्ती के लिए चिह्नित किशोरों की काउंसलिंग कराई गई। सुरक्षा मामलों के जानकारों के मुताबिक, इस मुकाम तक पहुंचने में पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बेहतर तालमेल के साथ स्थानीय लोगों का सहयोग भी अहम रहा। अब चुनौती इस उपलब्धि को बनाए रखने, सीमा पार से घुसपैठ रोकने और नई आतंकी भर्ती पर अंकुश लगाने की है।
