छत्तीसगढ़ के अनुसूचित क्षेत्रों में पारंपरिक संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए आदिवासी ग्राम सभाएं मुखर हो रही हैं। मतांतरण पर अंकुश लगाने के लिए 80 से अधिक ग्राम पंचायतों ने गांव की सीमाओं पर सूचना बोर्ड और बैनर लगाए हैं, जिनमें पादरियों और धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक की सूचना दी गई है। ग्राम सभाओं ने संविधान की पांचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेसा) का हवाला देते हुए इसे अपना संवैधानिक अधिकार बताया है। वहीं, कुछ ईसाई संगठनों ने जशपुर में कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देकर इसका विरोध दर्ज कराया है।

सुप्रीम कोर्ट ने 16 फरवरी 2026 को सूचना बोर्ड हटाने की मांग वाली याचिका खारिज कर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का अक्टूबर 2025 का आदेश बरकरार रखा। हाई कोर्ट ने कहा था कि कांकेर जिले के गांवों में लगाए गए संबंधित होर्डिंग असंवैधानिक नहीं हैं।

इसकी शुरुआत जून 2025 में कांकेर के कुदाल और पारवी सहित कई गांवों में ग्राम सभा के प्रस्तावों से हुई थी। अगस्त 2025 से वहां बड़े पैमाने पर बोर्ड लगाए गए।

पिछले दिनों जशपुर के जबला ग्राम पंचायत ने सर्वसम्मति से पादरियों और ननों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव पारित किया। सोगड़ा, चड़िया, डूमरटोली और टेम्पू सहित पांच पंचायतों में पहले ही ऐसे बोर्ड लगाए जा चुके हैं।