छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में लगभग चार साल से फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई से भारत लाया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, अगस्त 2026 में जारी इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे दुबई में हिरासत में लिया गया था। भारत लाए जाने के बाद ईओडब्ल्यू ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी ने बताया कि शराब घोटाले की जांच शुरू होने के बाद आरोपी अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई भाग गया था। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ अनुपस्थिति में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया गया था और 13 फरवरी 2025 को विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

एजेंसी के अनुसार, सुब्बू ने कथित शराब घोटाले में शामिल गिरोह के कामकाज का समन्वय करने में मुख्य भूमिका निभाई थी। वर्ष 2019 से 2023 के बीच उसने अवैध रूप से बनी शराब की बिक्री और विभिन्न कमीशनों से प्राप्त तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की रकम को संभालने का काम किया था। एजेंसी के मुताबिक, डिस्टिलरीज में आबकारी शुल्क का भुगतान किए बिना ही अतिरिक्त शराब का उत्पादन किया गया था। 'पार्ट-बी' कही जाने वाली शराब को सरकारी शराब की दुकानों के जरिए नकली होलोग्राम लगाकर बेचा जाता था। इस बिक्री को आधिकारिक रिकॉर्ड से बाहर रखा जाता था और इससे मिलने वाली नकदी को अलग से इकट्ठा किया जाता था। आरोप है कि सुब्बू ने 'पार्ट-बी' शराब के उत्पादन के लिए शराब बनाने की इकाइयों के संचालकों के साथ मिलकर काम किया। उसने खाली बोतलों का इंतजाम किया और दिल्ली से छत्तीसगढ़ की कई डिस्टिलरी तक नकली होलोग्राम मंगाने और पहुंचाने में मदद की।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, वह विभिन्न डिस्टिलरी से सरकारी दुकानों तक शराब की खेप पर नजर रखने के लिए आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में भी रहता था। आरोप है कि 15 जिलों की सरकारी शराब की दुकानों में 'पार्ट-बी' शराब की बिक्री से प्राप्त नकदी को उसके साथी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लाते थे। वहां इसे गिना जाता था और फिर ढेबर द्वारा बताए गए लोगों तक पहुंचा दिया जाता था। आरोप है कि 'पार्ट-बी' शराब की हर बिकी हुई पेटी पर सुब्बू को 50 रुपये का कमीशन मिलता था। इसके अलावा, वह विदेशी शराब आपूर्तिकर्ताओं और सरकारी शराब की दुकानों के लिए स्टाफ मुहैया कराने वाली एजेंसियों से मिलने वाले अलग-अलग कमीशन की वसूली और हिसाब-किताब भी संभालता था। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद, विदेशी शराब की आपूर्ति के लिए लाइसेंस बांटने, कमीशन की दर तय करने और उसे वसूलने का तरीका तय करने में भी उसकी भूमिका थी।

एजेंसी ने यह भी दावा किया कि सुब्बू, जो पहले सोने-चांदी के कारोबार से जुड़ा था, उसने ढेबर के लिए जौहरियों और बुलियन व्यापारियों के जरिए सोना-चांदी खरीदने का इंतजाम किया। जांचकर्ताओं को अब तक ढेबर के लिए दो सौ किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने के बारे में जानकारी मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बयान में कहा कि विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर विकास अग्रवाल को 27 नवंबर, 2026 को संयुक्त अरब अमीरात से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। शराब घोटाला 2019-2022 के दौरान सामने आया, जब छत्तीसगढ़ में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी। धन शोधन के पहलू की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि इस घोटाले के कारण सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ। इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री और कांग्रेस विधायक कवासी लखमा तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसी के अनुसार, छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का है।