कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष नेताओं में शामिल आशुतोष रांका ने कहा है कि पार्टी का फिलहाल चुनाव लड़ने का कोई प्लान नहीं है। हस्तक्षेप पॉडकास्ट में दिए एक इंटरव्यू में रांका ने कहा कि संगठन एक स्वतंत्र समूह है और उसका अपना स्पष्ट एजेंडा है। उन्होंने कहा कि सीजेपी एक प्रेशर ग्रुप है, राजनीतिक दल नहीं, इसलिए राजनीतिक दलों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, अगर किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार आकर कुछ गलत करेगी तो संगठन कांग्रेस से भी सवाल करेगा। रांका ने कहा कि आज भाजपा से सवाल इसलिए पूछे जा रहे हैं, क्योंकि उसकी केंद्र में सरकार है और 21 राज्यों में सरकार है। उन्होंने साफ किया कि सीजेपी इंडिया अलायंस का हिस्सा नहीं है और लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर कोई बात नहीं कर रही। लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वे इतना दूर नहीं सोचते और अभी छह महीने से साल भर के दायरे में काम करते हैं।
इस बीच, सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि गोवा में पार्टी की पहली मीटिंग हुई है, जिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खबर के मुताबिक, इस अभियान का नाम 'चिल्ला केतम गोवा' रखा गया है। इसके तहत पार्टी गोवा में लोगों से सीधे जुड़ने की तैयारी कर रही है। गौरतलब है कि इस तटीय राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी बीच सीजेपी के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं दोबारा शुरू हो गई हैं। सीजेपी ने SIR और भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
