उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपना रुख साफ कर दिया है। पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीजेपी न तो आगामी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि उनका संगठन इस सियासी रस्साकशी से खुद को अलग रखेगा कि उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी और किसकी नहीं।

दीपके ने कहा कि चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि हम कब तक जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ते रहेंगे, जबकि पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिन्यूएबल एनर्जी पर चर्चा कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि राजनीतिक दलों को रोजगार के अवसर पैदा करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

संभावित गठबंधनों पर पूछे गए सवाल के जवाब में दीपके ने कहा कि सीजेपी किसी भी पार्टी के साथ खड़ी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वे इस पर कुछ नहीं बोलेंगे कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं। गौरतलब है कि हाल ही में सीजेपी ने उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में समन्वय समितियां गठित की थीं, जिसमें यूपी के लिए 16 सदस्यीय टीम बनाई गई थी, जिसके बाद चुनाव लड़ने की अटकलें लग रही थीं।

दीपके ने संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक सुधारों की मांग को लेकर महाराष्ट्र में बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को नागपुर में बड़ी जनसभा होगी। यह आंदोलन चुनाव आयोग के खिलाफ होगा और इसमें लोकतंत्र को मजबूत करने के तरीकों पर भी बात होगी। उन्होंने कहा कि जब तक संस्थाओं की जवाबदेही तय नहीं होगी और उन्हें स्वतंत्र नहीं बनाया जाएगा, तब तक लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता।