कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए जाना था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर ही उन्हें रोक दिया गया। सौरव दास के मुताबिक उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया।
आधिकारिक लिस्टिंग के अनुसार, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में एक पैनल चर्चा होनी थी, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। यह चर्चा दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच होने वाली थी। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है और यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है। 'कॉकरोच मूवमेंट' पर होने वाली इस चर्चा के लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और सौरव दास दोनों के नाम लिस्ट में शामिल थे।
सौरव दास ने आरोप लगाया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे, लेकिन इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उन्हें UK जाने नहीं दिया गया। उन्होंने सरकार पर भी आरोप लगाए।
CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने सौरव दास का समर्थन किया है और सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास, दोनों को आमंत्रित किया था। रत्ना सिंह के मुताबिक कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था। उन्होंने सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।
