नाटो की खुफिया शाखा के अनुसार रूस जल्द ही परमाणु हथियार से लैस उपग्रह अंतरिक्ष में लॉन्च करने की तैयारी में है। मीडिया में छपी खबर के मुताबिक यह उपग्रह अंतरिक्ष में अन्य उपग्रहों को नष्ट कर सकेगा और कहीं भी परमाणु हमला करने में सक्षम होगा।
जर्मनी के खुफिया संगठन बीएनडी और सुरक्षा बलों के साथ तालमेल वाली नाटो की खुफिया शाखा के बीच साझा सूचनाओं के लीक होने के बाद यह जानकारी मीडिया में आई है। बर्लिन स्थित रूसी दूतावास ने इस सूचना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि 2024 में रूस ने इन चर्चाओं से इनकार किया था कि वह ऐसा हथियार विकसित कर रहा है जो अंतरिक्ष में घूम रहे उपग्रहों को नष्ट करने में सक्षम होगा। ऐसा अंतरिक्ष में परमाणु विस्फोट करके संभव माना जाता है। वहीं अमेरिका का कहना है कि रूस वर्षों से ऐसा हथियार बनाने की कोशिश में है जो अंतरिक्ष में घूम रहे सभी उपग्रहों का नेटवर्क ध्वस्त कर सके।
नाटो की खुफिया एजेंसी के अनुसार रूस अब उस कोशिश में सफल हो गया है और आने वाले कुछ हफ्तों में परमाणु हथियार से लैस उपग्रह छोड़ सकता है।
