फरीदाबाद के सेक्टर-3 में एक युवक को पाकिस्तान, आईएसआई और आतंकी हाफिज सईद के समर्थन में नारे लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अनोज कुमार के रूप में बताई जा रही है, जो सेक्टर-3 में रहता है। कुछ लोगों के मुताबिक आरोपी ने अपना नाम सुन्नी खान रख लिया था। पुलिस के अनुसार घटना रविवार सुबह सेक्टर-3 बल्लभगढ़ स्थित सीनियर सिटीजन क्लब के सामने की है, जहां आरोपी ने कथित तौर पर हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

पुलिस को सूचना मिलने पर सेक्टर-3 चौकी से टीम मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि क्लब के सामने आरोपी के परिवार के सदस्य अक्सर अपने वाहन खड़े करते थे, जिस पर वहां आने वाले बुजुर्ग ऐतराज जताते थे। रविवार को इसी बात को लेकर फिर विवाद हुआ और विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर पाकिस्तान और आतंकी संगठनों के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। आरोपी यह कहता भी सुनाई दिया कि उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जाए, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

आरोपी का परिवार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला है, लेकिन परिवार छह दशक से सेक्टर-3 में रह रहा है। 47 वर्षीय आरोपी अविवाहित है और परिवार में उसके पिता, भाई व बहन हैं। पिता बृजलाल जिला नगर योजनाकार विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पहले हिंदू धर्म से जुड़ा हुआ था, लेकिन कुछ साल पहले परिवार में केवल उसने ही अपना धर्म बदल लिया और लंबी दाढ़ी रखने लगा।

सेक्टर-3 पुलिस चौकी प्रभारी के अनुसार अनोज कुमार कभी-कभार ऑटो चलाता है और अचानक उत्तेजित हो जाता है। शुरुआती जांच में उसका पाकिस्तान से कोई कनेक्शन नहीं मिला है और उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है। पुलिस उसके और परिवार के बैंक खातों की जांच कर रही है तथा परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।