कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें यूके जाने से रोक दिया गया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके कहा कि वे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहे थे, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि रात 1 बजे की उनकी फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया।

आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी थी, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच होने वाली इस चर्चा में कॉकरोच मूवमेंट पर बात होनी थी और इसमें CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम लिस्ट में शामिल थे। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।

सौरव दास ने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उन्हें यूके जाने नहीं दिया गया।

CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है और सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन करते हुए बताया कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ने उन्हें और सौरव दास, दोनों को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था और सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।