मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी स्कूल में आयोजित ‘उत्तराखंड लोक विरासत 2026’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोककलाओं, लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया और युवाओं से भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारी पहचान, इतिहास, परंपराओं और पूर्वजों के संघर्षों की जीवंत अभिव्यक्ति है। इसे सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ढोल-दमाऊं की थाप और लोकधुनों से हर उत्तराखंडी का मन अपने गांव, घर और मिट्टी से जुड़ जाता है। लोक परंपराओं में पहाड़ का जीवन, प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक समरसता की भावना समाहित है। उन्होंने आयोजकों और संस्कृति प्रेमियों को साधुवाद भी दिया।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र दिया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास और उज्जैन में महाकाल लोक इसी सांस्कृतिक पुनर्जागरण के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि विकास के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने लोक कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हर छह महीने में लोक कलाकारों की सूची अपडेट की जाती है। कोरोना काल में लगभग 3,200 सूचीबद्ध लोक कलाकारों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी, और वर्तमान में पात्र वरिष्ठ एवं अस्वस्थ कलाकारों को प्रतिमाह 3,000 रुपये की पेंशन दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करने के लिए छह माह की प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित की जा रही हैं, सांस्कृतिक सामग्री के प्रकाशन के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है और कला दीर्घाएं स्थापित की जा रही हैं। साहित्यकारों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’, ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ जैसे पुरस्कारों से उनका सम्मान कर रही है।